अब कॉरपोरेट ऑफिस की तरह काम करेंगे पुलिस थाने, मैनेजर की होगी नियुक्ति


पटना(जी.एन.एस) राज्य के थानों में अब कॉरपोरेट ऑफिस की तरह एक मैनेजर होंगे। उनका काम थानों को हर प्रकार की सहूलियत मुहैया कराना होगा। थाना मैनेजर के पद पर नियुक्ति का विज्ञापन अगले सप्ताह तक जारी हो जाएगा। गया यात्रा से लौटने के बाद प्रदेश के मुख्यसचिव दीपक कुमार ने पुलिस और गृह विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस आशय का निर्णय लिया।
बैठक के बाद मुख्यसचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश की विधि-व्यवस्था को लेकर बैठक बुलाई थी। बैठक में कई अहम मसलों पर चर्चा हुई। उक्त बैठक में फैसला हुआ था कि थानों में आइटी स्टॉफ रखे जाएंगे, जिनका काम विभिन्न आवश्यक कागजात को कंप्यूटर में अपलोड करने से लेकर कुछ कागजातों को ऑनलाइन करना होगा। इसी कड़ी में अब यह फैसला भी हुआ कि प्रत्येक थानों में एक थाना मैनेजर भी नियुक्त किए जाएंगे।

थानों मैनेजर पद पर नियुक्ति के लिए सरकार अगले सप्ताह तक विज्ञापन जारी कर देगी। संविदा पर होने वाली मैनेजर पद की नियुक्ति के लिए आवेदक का स्नातक होना आवश्यक होगा। थाने मैनेजर थानों को हर प्रकार की सुविधा और सहूलियत का काम देखेंगे। थाना भवन में कोई दिक्कत तो नहीं, सोफा खरीदना है या कंप्यूटर या फिर अलमीरा इन तमाम कार्यों का जिम्मा थाने मैनेजर का होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ