Advertisement

Advertisement

किसान आन्दोलन से रेलवे को 1200 करोड़ के राजस्व का नुकसान

 


उत्तर रेलवे जीएम आशुतोष गंगल ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
श्रीगंगानगर। श्री आशुतोष गंगल, महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे ने बताया कि पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन  के कारण उत्तर रेलवे को राजस्व आय में भारी नुक्सान हुआ है। 
 उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के कारण 3 नवम्बर 2020 तक भारतीय रेल को राजस्व एवं लोडिंग के मामले में रूपयें 1200 करोड़ की कुल हानि हुई है। प्रतिदिन आने एवं जाने वाले औसतन 70 रैक का संचालन प्रभावित हुआ है। उत्तर रेलवे को कुल 1373 रेलगाड़ियों को निरस्त/मार्ग परिवर्तित/आंशिक रूप से रदद करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे भारतीय रेल पर कुल 2225 मालभाड़ा रेलगाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ है। श्री गंगल बुधवार को उत्तर रेलवे के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। 
      श्री गंगल ने बताया कि पंजाब राज्य से कोयला, उर्वरक, सीमेंट, पीओएल, कंटेनर, इस्पात तथा अन्य वस्तुओं के 230 रैकों का पंजाब में आना रूक गया और पंजाब राज्य में विभिन्न वस्तुओं के कुल 33 रैक वहीं रूक गए। पंजाब के विभिन्न स्थानों पर कुल 33 रेल इंजन भी रूक गए। किसान आंदोलन, विद्युत संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति और शेष भारत में खाद्यान्न तथा उवर्रक की आपूर्ति को भी व्यापक रूप से प्रभावित कर रहा है। विदित है कि पंजाब में किसान एक अक्टूबर 2020 से 32 विभिन्न स्थानों पर रेलवे लाइन और प्लेटफाॅर्म पर धरना दे रहे हैं। उत्तर रेलवे पंजाब राज्य में रेल सेवाओं के संचालन की कामना करती है तथा स्थिति सामान्य होने पर  रेल सेवाएं तुरंत ही बहाल कर दी जायेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement