Advertisement

Advertisement

विराट को जिस महिला क्रिकेटर ने दिया था शादी का न्योता अब वो कोहली के दिए बेट से खेलेगी


खेल।  इंग्लैंड की महिला क्रिकेटर डेनियल वेट ने कहा है कि वह इस महीने के अंत में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में उस बल्ले से खेलेंगी जो उन्हें भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने उपहार में दिया था। भारत के 2014 इंग्लैंड दौरे पर डेनियल की विराट से मुलाकात हुई थी। उसी साल कोहली ने दक्षिण अफ्रीका में खेले गए विश्व टी 20 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ 72 रनों की पारी खेली थी। इस पारी को देखकर डेनियल ने टि्वटर पर कोहली को शादी का प्रस्ताव दिया था। 

उन्होंने बताया, 'दस मिनट बाद मैंने अपना फोन देखा तो उसमें 1000 से ज्यादा रीट्वीट हो चुके थे। यह खबर भारतीय चैनल्स पर छा चुकी थी। वे मेरे पिता को ईमेल्स कर रहे थे।' डेनियल ने कहा, ''जब हम मिले, तो कोहली ने मुझसे कहा: 'आप टि्वटर पर ऐसा नहीं कर सकतीं। वह चीजों को बहुत गंभीरता से लेते हैं।', मैंने कहा, ओके, सॉरी।' कोहली ने 11 दिसंबर 2017 को इटली में अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से विवाह कर लिया था। इसके बाद डेनियल ने उन्हें शादी की मुबारकबाद भी दी थी।

 खैर, कोहली ने जब देखा कि डेनियल उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक हैं तो उन्होंने अपना एक बल्ला उन्हें गिफ्ट किया। डेनियल इस बल्ले को लेकर काफी खुश हैं। अब वह पहली बार इस बल्ले का इस्तेमाल करने को तैयार हैं। इंग्लैंड इस महीने के अंत में भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेगा। वह कहती हैं, 'जिस बैट से मैंने शतक लगाया था, वह काफी समय पहले टूट गया है। अब मैं विराट के बल्ले का इस्तेमाल करूंगी।' 
डेनियल टी20 इंटरनैशनल में सेंचुरी लगाने वाली इंग्लैंड की पहली महिला क्रिकेटर भी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement