Advertisement

Advertisement

डूंगर महाविद्यालय में जैनोलॉजी संकाय विषय प्रारम्भ करने पर उच्च शिक्षा मंत्री का किया अभिनन्दन

 डूंगर महाविद्यालय में जैनोलॉजी संकाय विषय प्रारम्भ करने पर उच्च शिक्षा मंत्री का किया अभिनन्दन

बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय में जैन दर्शन, जीवन विज्ञान एवं योग (जैनोलॉजी) विषय में बी.ए. प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू करने पर श्री तेरापंथ महिला मंडल बीकानेर द्वारा बुधवार को उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी का रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिला उद्योग संघ कार्यालय में अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि जैन दर्शन, उच्च जीवन मूल्यों की ओर अग्रसर करता है। यह सदैव प्रासंगिक रहने वाला विषय है, लेकिन आज के दौर में इसकी आवश्यकता बढ़ी है। आज के युवा जैनोलॉजी को पढ़, समझ और इसका अनुसरण कर सकें, इसके मद्देनजर उच्च शिक्षा विभाग द्वारा इसे विषय के रूप में स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों और संस्थाओं द्वारा इस विषय को प्रारम्भ करने की मांग की गई थी। उन्होंने जीवन विज्ञान और योग की उपादेयता के बारे में बताया तथा कहा कि जिले में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार संकल्पबद्ध है तथा इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। नए महाविद्यालय खोलने के साथ इनमें आधारभूत सुविधाओं की वृद्धि एवं नए संकाय प्रारम्भ करने किए गए हैं। यह निर्णय विद्यार्थियों के लिए हितकारी साबित हो रहे हैं। 

इस अवसर पर महिला मंडल अध्यक्ष प्रेम लता नौलखा तथा मंत्री अंजू देवी बोथरा के नेतृत्व में संस्था की पदाधिकारियों ने उच्च शिक्षा मंत्री का स्वागत व सम्मान किया। इस अवसर पर बसंत नौलखा, रिद्धकरण सेठिया, पदम बोथरा, दिनेश बोथरा, नरपत सेठिया, ऋषभ सेठिया, निर्मल धारीवाल आदि ने भी मंत्री का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथि के रूप में डूंगर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जे.पी. सिंह, सिद्धकरण सेठिया, राजकीय डूंगर कॉलेज छात्रसंघ के अध्यक्ष कृष्ण गोदारा, पदम बोथरा, नोखा नगरपालिका उपाध्यक्ष निर्मल भूरा आदि मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के शुरुआत में श्री तेरापंथ महिला मंडल बीकानेर की सदस्यों ने मंगलाचरण की प्रस्तुति दी। संरक्षक शांता भूरा ने मंत्री भाटी को बुके भेंट किया और संस्था की ओर से मंत्री के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।  इस दौरान लीला कोठारी ने जैनोलॉजी से संबंधित साहित्य भेंट किया।

श्री तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष प्रेमलता नौलखा ने कहा डूंगर कॉलेज में जैनोलॉजी विषय प्रारम्भ होने से विद्यार्थी जैन दर्शन को समझ पाएंगे और इसे जीवन में उतार सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज के भौतिक युग में यह विषय युवाओं को सही मार्ग दिखाएगा। 

पीयूष नाहटा ने 'शिक्षा व आजीविका' विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने शिक्षा के उद्देश्यों में आए बदलाव और जैन कला, साहित्य और संस्कृति की जानकारी दी। श्री तेरापंथ महिला मण्डल की राष्ट्रीय अध्यक्ष नीलम सेठिया ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जैनोलाॅजी विषय पर प्रकाश डाला। रिद्धकरण सेठिया और डॉ. नीलम जैन, पूर्व अध्यक्ष शान्ता भूरा, पद्मम बोथरा, प्राचार्य डूंगर काॅलेज जी पी सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।

उच्च शिक्षामंत्री ने संस्कार निर्माण व जैनलाॅजी विषय के प्रयासों लिए अनिल रांका (सूरतगढ) को शाॅल ओढाकर सम्मान किया। श्री तेरापंथ महिला मण्डल की कन्या मण्डल ने जैनलाॅजी विषय पर संगीतमय प्रसुति दी। डूंगर कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्ण गोदारा ने उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा समय-समय पर विद्यार्थी हित में लिए गए निर्णयों के लिए आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन बबिता जैन ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement