Advertisement

Advertisement

अन्नपूर्णा रसोई योजना:- अब हनुमानगढ़ में मिलेगा 5 रूपए में नाश्ता और 8 रूपए में भरपेट खाना


योजना का जिला मुख्यालय पर जल संसाधन मंत्री डॉ रामप्रताप ने किया शुभारंभ 
टाउन और जंक्शन में कुल 6 स्थानों पर खड़ी मिलेंगी अन्नपूर्णा रसोई वेन 
हनुमानगढ़। अन्नपूर्णा रसोई योजना का जल संसाधन मंत्री डॉ रामप्रताप ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर शुभारंभ किया। टाउन स्थित नगर परिषद परिसर में कुल 6 अन्नपूर्णा रसोई वेन का जल संसाधन मंत्री द्वारा फीता काटकर शुभारंभ किया। अन्नपूर्णा रसोई वेन पर महज 5 रूपए में नाश्ता और 8 रूपए में खाना मिलेगा। ये वेन टाउन और जंक्शन में बस स्टेंड, रेलवे स्टेशन और धान मंडी पर सुबह साढ़े सात बजे से रात साढ़े आठ बजे तक खड़ी मिलेगी।

 कोई भी व्यक्ति इन वेन पर नाश्ता और खाना खा सकेगा। योजना के शुभारंभ पर बोलते हुए जल संसाधन मंत्री ने  कहा कि मुख्यमंत्री की ये अनूठी पहल है ताकि आम आदमी भूखा ना रहे। जिला मुख्यालय पर छह वेन शुरू हो रही है ये खुशी की बात है। लेकिन वेन पर मिलने वाले भोजन की क्वालिटी से किसी प्रकार का समझौता ना हो, इसको लेकर खाने का लगातार क्रास चेक करना भी जरूरी है।    

                            
अन्नपूर्णा रसोई योजना के जिले में सुपर वाइजर श्री संजय जैन ने बताया कि अन्नपूर्णा रसोई योजना के अंतर्गत लगाई गई वेन में सुबह साढ़े 7 बजे से साढ़े 11 बजे तक नाश्ता, उसके बाद 11.30 से 4.30 बजे तक दोपहर का खाना और शाम 4.45 से रात 8.30 बजे तक रात का खाना मिलेगा। श्री जैन ने बताया कि नाश्ते के मीनू में पांच चीजें इडली, सांभर, पोहा, कड़ी और कचौरी होगी। नाश्ते की प्लेट में ये पांचों चीजें ग्राहक को दी जाएगी। जिनका कुल भार 350 ग्राम होगा।वहीं खाने में एक सब्जी, एक दाल, चावल, 5 चपाती और एक स्वीट डिश होगी। खाने का कुल भार 450 ग्राम से कम नहीं होगा। खास बात ये भी कि नाश्ता और खाने की प्लेट वेन पर ऑटोमैटिक सिस्टम से तोल कर दी जाएगी।

 अगर खाना एक ग्राम भी कम हुआ तो वेन पर लगा स्पीकर इसकी जानकारी ग्राहक को दे देगा कि खाना निश्चित भार से कम है। श्री जैन बताते हैं कि नाश्ते, दोपहर के खाने और रात की खाने की 300-300 प्लेट प्रतिदिन की क्षमता वेन पर उपलब्ध रहेगी। अगर किसी को खाने को लेकर कोई शिकायत हो तो वेन पर लगे टॉल फ्री नंबर पर फोन कर इसकी शिकायत भी दर्ज करवा सकता है। जैन ने बताया कि अन्नपूर्णा रसोई वेन पर तीन कैमरे लगे हुए हैं। जिनसे इनकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग सीधे कोटा स्थित हैड ऑफिस में होती है। वहीं जयपुर डीएलबी ऑफिस में इसका पूरा रिकॉर्ड रखा जा रहा है। जिले में हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय के अलावा अन्य नगर पालिका क्षेत्र में भी अन्नपूर्णा रसोई योजना का शुभारंभ किया जा चुका है। 

                           
जिला मुख्यालय पर अन्नपूर्णा रसोई योजना के शुभांरभ अवसर पर जल संसाधन मंत्री के अलावा जिला प्रमुख कृष्ण चौटिया, नगर परिषद सभापति राजकुमार हिसारिया, उपसभापति नगीना बाई, नगर परिषद के कार्यवाहक कमीश्नर सुरेन्द्र सिंह पुरोहित, पीआरओ  सुरेश बिश्नोई, नगर परिषद लेखाधिकारी  राकेश मेहंदीरत्ता, एईएन  राजेन्द्र स्वामी,  जसप्रीत सिंह जेपी,  जुगल किशोर समेत नगर परिषद का स्टॉफ और बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement