खुशबू की मौत की जांच को बनी एसआइटी, भाजपा विधायक का बढ़ा सिरदर्द


धनबाद(जी.एन.एस) खुशबू मंडल की मौत के मामले को तूल पकड़ते देख एसएसपी ने नए सिरे से जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित कर दी है। यह टीम सिटी एसपी पीयूष पांडेय की निगरानी में काम करेगी। इसके साथ ही भाजपा विधायक फूलचंद मंडल का सिरदर्द बढ़ गया है। खुशबू प्रकरण को लेकर राजनीतिक विरोधी विधायक पर निशाना साधने में जुट गए हैं। इससे सिंदरी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति तल्ख हो गई है। बलियापुर थाना के खेततांड गांव की दो युवती खुशबू मंडल और सोनाली मंडल 29 अगस्त को सल्फॉस की गोली खा ली थी। दोनों गांव के मंदिर के पास बेहोश पाई गई थी। 

खुशबू की मौत हो गई जबकि इलाज के बाद सोनाली बच गई। इस प्रकरण में सिंदरी के विधायक फूलचंद मंडल के पुत्र आशीष मंडल का नाम उछला है। खुशबू के पिता विजय मंडल को आशंका है कि उसकी बेटी को जहर खिलाकर हत्या की गई। वह पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने उपायुक्त और एसएसपी को पत्र लिखकर निष्पक्ष की मांग की थी। इसके बाद एसएसपी मनोज रतन चोथे ने जांच के लिए एसआइटी गठित की है। सिटी एसपी की निगरानी में डीएसपी प्रमोद केसरी मामले की जांच करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

खुशबू प्रकरण के तूल पकड़ने के बाद भाजपा विधायक फूलचंद मंडल और उनके पुत्र आशीष मंडल डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। शनिवार को विधायक के पुत्र आशीष मंडल ने संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि इस प्रकरण में मेरा नाम बेवजह घसीटा घसीटा जा रहा है। मेरे पिता विधायक फूलचंद मंडल की छवि खराब करने के लिये राजनीतिक कारणों से मुझे टारगेट किया जा रहा है। विधायक ने घटना के बाद ही एसएसपी को चिट्ठी लिखकर जाच की माग की थी। छवि धूमिल करने के पीछे मासस नेता पूर्व विधायक आनंद महतो के पुत्र बबलू महतो हैं जो आगामी चुनाव को ध्यान में रखकर कर ऐसा कर रहे हैं। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को विधायक फूलचंद मंडल ने भी मीडिया के सामने आकर कहा कि खुशबू प्रकरण में उनके बेटे का नाम बेवजह घसीटा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मासस के इशारे पर खुशबू के परिजनों को उकसाया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ