जयपुर (जीएनएस) कांग्रेस सत्ता में आई तो सीएम कौन होगा अशोक गहलोत या फिर सचिन पायलट. कांग्रेस में सीएम फेस पर विवाद ऊपरी स्तर पर भले शांत हो गया हो, लेकिन गाहे-बगाहे यह रह रहकर वापस चर्चा में आ ही जाता है. पिछले चार दिनों में यह मुद्दा फिर दो बार उठ चुका है. 11 सितंबर को करौली में आयोजित कांग्रेस की भरतपुर की संभाग स्तरीय रैली में संभाग में पार्टी की वरिष्ठ नेता विश्वेन्द्र सिंह और बाद 13 सितंबर को जयपुर में एक यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब सरकार के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू इसे हवा दे चुके हैं.
करौली की संकल्प रैली में विश्वेन्द्र सिंह ने एक बार फिर मीडिया से बातचीत में कहा कि सीएम फेस सामने आना चाहिए. हालांकि यह बात दीगर है कि मंच पर पीसीसी चीफ सचिन पायलट और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव अशोक गहलोत व प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे की उपस्थिति में उन्होंने अपने बयान को बदल दिया. मीडिया से बातचीत में सीएम फेस घोषित करने के अपने बयान को दोहराने वाले सिंह ने मंच से कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसका फैसला ऊपर से होगा.
सिद्धू ने फिर दी मुद्दे को हवा
सिंह का मीडिया में दिया गया बयान ठंडा भी नहीं पड़ा था कि 13 सितंबर जयपुर में एमिटी यूनिवर्सिटी में सचिन पायलट के साथ छात्रों से संवाद करने पहुंचे सिद्धू ने पायलट का नाम लिए बिना कहा कि ये मेरा भाई कुछ वक्त बाद बड़े फैसले करेगा. सिद्धू का इशारा सीएम की कुर्सी पर था. यानी अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो पायलट सीएम होंगे. हालांकि सिद्धू के इस बयान से पायलट ने बेहद संजीदा तरीके से किनारा कर लिया. पायलट ने कहा जब राजस्थान में चुनाव के नतीजे आएंगे और कांग्रेस सत्ता में आई तो पार्टी के नेता चाय पर बैठकर सीएम का फैसला करेंगे.
लंबे समय से चल रहा है विवाद
कांग्रेस में लंबे समय से चल रहे सीएम फेस के विवाद को पार्टी ऊपरी तौर भले ही शांत मान रही हो, लेकिन रह रहकर इसका फिर चर्चा में आना यह साबित करता है कि अंदरखाने अभी यह मामला ठंडा नहीं हुआ है. आने वाले विधानसभा चुनावों यह धुआं जब तब उठता रहेगा. उल्लेखनीय है पिछले काफी समय से सचिन पायलट और अशोक गहलोत खेमे से सीएम फेस को लेकर बयान आते रहे हैं. यहां तक खुद पायलट और गहलोत में सीएम फेस को लेकर अप्रत्यक्ष रूप से शब्द बाण चल चुके हैं.

0 टिप्पणियाँ
इस खबर को लेकर अपनी क्या प्रतिक्रिया हैं खुल कर लिखे ताकि पाठको को कुछ संदेश जाए । कृपया अपने शब्दों की गरिमा भी बनाये रखे ।
कमेंट करे