भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एक बार फिर राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत ऐसी हो जाएगा कि उसे दूरबीन से ढूंढना पड़ेगा। कांग्रेस राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने का सपना देख रही है। राहुल गांधी को दिन में यह सपना देखना छोड़ कर अपना फ्लेश बैक देखना चाहिए।
धानक्या में पहले प. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक का लोकार्पण करने के बाद शाह ने बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। यहां उन्होंने कहा कि ये चुनाव आम चुनाव नहीं है। यह नेता का चुनाव नहीं है। यह कार्यकर्ता का चुनाव है। वह कमल का निशान और भारत माता की फोटो देखकर वोट दिलवाएगा। उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कहा कि वे राजस्थान दौरे पर हैं और एक बार बोल गए कि राजस्थान एमपी और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनेगी। उनके मूंह से गलती से ही सही, लेकिन सत्य निकल गया। नरेन्द्र मोदी के पीएम बनने के बाद विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार बन रही है। कांग्रेस सब जगह से साफ हो रही है। आने वाले पांच राज्यों के चुनाव में भी कांग्रेस साफ हो जाएगी। भाजपा को अंगद का पांव बताते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव के बाद नरेन्द्र मोदी ही पीएम बनेंगे। भाजपा को अगले पचास साल तक कोई नहीं हरा सकेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में देश और राजस्थान सुरक्षित नहीं है। कांग्रेस का काम सिर्फ अनर्गल आरोप लगाने का काम रह गया है। उन्होंने कहा कि मोदी और वसुंधरा सरकार ने इतने काम किए हैं कि गिनाने बैठूं तो सात दिन भी कम पड़ जाएंगे। हमें एक बार कांग्रेस-एक बार भाजपा की संस्कृति को तोडऩा है और फिर से भाजपा की सरकार बनानी है।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि हमारी जीत का आधार बूथ है। कांग्रेसी भी इसी नक्शे कदम पर चल रहे हैं, लेकिन उनके कार्यक्रमों की क्या हालत थी। यह सब देख रहे हैं। कांग्रेसी पूरे साढ़े चार साल गायब रहते हैं और चुनाव से तीन माह पहले बाहर निकल कर आते हैं। अशोक गहलोत ने भी कभी किसी की आवाज नहीं उठाई। बस लोगों का गुमराह करने का काम कर रहे हैं। हम टिकट कार्यकर्ताओं से बात करके ही देंगे। कांग्रेस कितना ही दम लगा ले, सरकार बनाने से भाजपा को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने इतना विकास किया है कि गाड़ी पटरी पर आ गई है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने कहा कि कुछ बाहरी और आंतरिक शक्तियां देश के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेंगी। हमें ऐसा नहीं करने देना है। कांग्रेस ने कभी गरीब-किसान की नहीं सोची।
0 टिप्पणियाँ
इस खबर को लेकर अपनी क्या प्रतिक्रिया हैं खुल कर लिखे ताकि पाठको को कुछ संदेश जाए । कृपया अपने शब्दों की गरिमा भी बनाये रखे ।
कमेंट करे