Advertisement

Advertisement

Rajasthan LokSabha 2019 - गहलोत ने किया नई शुरूआत का आह्वान,किसानों का गढ़ हाथ से निकलने की चिंता


श्रीगंगानगर। राजस्थान में लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने आज श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ कस्बे में चुनावी रैली को सम्बोधित करने आये कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में प्रदेश के मुख्यमंत्री अशेाक गहलोत ने इलाके के लोगों से इस चुनाव में नई शुरूआत करने का आह्वान किया। यह आह्वान करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि न जाने कब कौनसी गलती हुई कि सम्भाग के तीनों संसदीय क्षेत्रों-श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में कांग्रेस को पिछले कुछ चुनावों से सफलता नहीं मिल रही। उन्होंने रैली में आये लोगों से अपील की कि वे इस चुनाव से नई शुरूआत करें। 



राहुल गांधी की अगुवाई में देश में इस बार नई सरकार बनने जा रही है। आप श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू की सीटें जिताकर उनकी झोली मेें डाल दें और इन तीनों क्षेत्रोंं का जिम्मा वे अपने ऊपर लेते हैं। यहां किसी तरह की कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। अशोक गहलोत ने याद दिलाते हुए कहा कि सूरतगढ़ में थर्मल पावर प्लांट  की सुपर क्रिटिकल इकाइयों का शिलान्यास सोनिया गांधी ने आकर किया था। इस क्षेत्र की तीनों मुख्य सिंचाई परियोजनाओं-गंगकैनाल, भाखड़ा और इन्दिरा गांधी नहर का जीर्णाेद्धार कांग्रेस के शासन में ही हुआ है। अब भी कांग्रेस के शासन में ही इन्दिरा गांधी नहर परियोजना की मुख्य शाखा के जीर्णाेद्धार का कार्य आज से शुरू हुआ है। 

भाजपा के शासनकाल को कोसते हुए श्री गहलोत ने कहा कि याद कीजिये रावला-घड़साना में किसानों पर गोलियां चलाई गईं। गुर्जरों पर भी दमन चक्र चलाया गया। उस शासनकाल में 90 लोग मारे गये थे। इसके बाद कांग्रेस की सरकार आई तो पांच वर्षांे के दौरान किसी पर एक भी गोली नहीं चली। पीएम नरेन्द्र मोदी और भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके द्वारा देश में नफरत, अविश्वास और बंटवारे की भावना को बढ़ाया जा रहा है। भाजपा की सोच गुस्से वाली है। दूसरी तरफ राहुल गांधी प्यार, मोहब्बत, सद्भाव और भाईचारे में यकीन रखते हैं। इसीलिए उन्होंने संसद में पीएम नरेन्द्र मोदी को गले लगाया था। श्री गहलोत ने कहा कि हम भी राष्ट्रवादी तथा हिन्दूवादी हैं। कोई जरूरी नही है कि राष्ट्रवादी होने के लिए भाजपा का फार्म भरा जाये। 



उल्लेखनीय है कि बीकानेर सम्भाग के यह तीनों संसदीय क्षेत्र कभी कांग्रेस के गढ़ हुआ करते थे। बीकानेर सीट पर कांग्रेस की लगातार हार हो रही है। श्रीगंगानगर सीट पर उसे लगातार सफलता नहीं मिली है। ऐसा ही चूरू सीट पर हो रहा है। किसानों का गढ़ माने जाने वाला यह अंचल कांग्रेस के हाथ से निकला हुआ है। इसी कमजोर क्षेत्र से राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार का राजस्थान में आगाज किया है। इस रैली में राहुल गांधी, अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के उद्बोधनों का ज्यादातर हिस्सा किसानों पर ही केन्द्रीत रहा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement