एथेनॉल फैक्ट्री विवाद: टिब्बी में सीएलजी बैठक, शांति बनाए रखने की अपील

एथेनॉल फैक्ट्री विवाद: टिब्बी में सीएलजी बैठक, शांति बनाए रखने की अपील
टिब्बी में सीएलजी बैठक, शांति बनाए रखने की अपील


हनुमानगढ़। टिब्बी एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में किसान संगठनों द्वारा 11 फरवरी को तलवाड़ा में प्रस्तावित महापंचायत को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के उद्देश्य से शनिवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर उमेदीलाल मीणा की अध्यक्षता में थाना टिब्बी में सीएलजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, एसडीएम टिब्बी सत्यनारायण सुथार, वृताधिकारी संगरिया रमेश माचरा, तहसीलदार टिब्बी हरीश टाक, थानाधिकारी हंसराज लूणा सहित सीएलजी सदस्य विजय कुमार (व्यापार मंडल अध्यक्ष), कुलवंत सिंह सुधार (पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि), सुरजाराम, बलजीत सिंह, महावीर सिसोदिया, ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर उमेदीलाल मीणा ने बताया कि 17 दिसंबर को संघर्ष समिति द्वारा जिला मुख्यालय पर आयोजित महापंचायत में प्रशासन के साथ वार्ता के दौरान दो बिंदुओं पर सहमति बनी थी। पहला, फैक्ट्री का एमओयू रद्द करने हेतु राज्य सरकार को पत्राचार करना, जिस पर प्रशासन ने पत्र लिख दिया है। दूसरा, आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों की जांच सीआईडी-सीबी को सौंपना, जो वर्तमान में चल रही है। इसके अलावा, 10 दिसंबर के बाद फैक्ट्री में कोई निर्माण कार्य नहीं हो रहा है, इसलिए जिला स्तर पर कोई मांग लंबित नहीं है।

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन हर व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन हिंसा स्वीकार्य नहीं। हिंसक आंदोलन से इलाके की साख खराब होती है और युवाओं व नौकरी पाने वाले छात्रों के हित प्रभावित होते हैं। आमजन से अपील की गई कि महापंचायत के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखें, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं, रेलमार्ग व राजमार्ग न रोकें। भड़काऊ अफवाहों से सावधान रहें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस व प्रशासन को दें। किसी भी हिंसक या गैरकानूनी गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ