Advertisement

Advertisement

बीकानेर:-असंतुष्ट पार्षद मिले मंत्री से, शहर भाजपा अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को निकाला वार्ता से बाहर


रिपोर्ट एक्सक्लूसिव,बीकानेर(जयनारायण बिस्सा)। नगर निगम की साधारण सभा में कार्मिकों और पार्षदों के बीच हुई तनातनी का मामला अब भी शांत होता नजर नहीं आ रहा है। जहां निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के समक्ष सशर्त वार्ता कर एकबारगी पार्षदों को अपना आईना दिखा दिया तो मंगलवार को बीकानेर पहुंचे राज्य के श्रम मंत्री डॉ. जसवंत यादव से मिलकर महापौर व समझौता वार्ता से असंतुष्ट पार्षदों ने अपनी शिकायत दर्ज करवाई।

इस दौरान वहां उपस्थित शहर भाजपा अध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, न्यास अध्यक्ष महावीर रांका सहित अनेक पदाधिकारियों को वार्ता से बाहर रखने पर ही आगामी बातचीत करने की बात असंतुष्ट पार्षदों ने कही। जिसके बाद मंत्री ने जिलाध्यक्ष सहित सभी वरिष्ठजनों व महापौर को भी कमरे से बाहर निकालकर असंतुष्ट पार्षदों की बात सुनी। असंतुष्ट पार्षदों ने आक्रोश जताया कि महापौर नारायण चौपड़ा, जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य सहित अनेक पदाधिकारियों ने हड़ताली नगर निगम कार्मिकों-अधिकारियों से स्वत: ही वार्ता कर ली।

इस समझौता वार्ता में किसी भी पार्षद को नहीं बुलाया गया जबकि सभी पार्षदों का अपमान साधारण सभा के दौरान निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया था। पार्षदों ने मंत्री को बताया कि अधिकारी नगर निगम में मनमर्जी से काम कर रहे हैं। पार्षदों की कोई सुनवाई नहीं होती और अब इस प्रकार का समझौता लागू होने से लालफीताशाही और अधिक हावी जाएगी। खबर लिखे जाने तक असंतुष्ट पार्षदों व मंत्री के बीच वार्ता जारी थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement