Advertisement

Advertisement

राफेल पर मचा महाभारत: राहुल बोले देश का चौकीदार चोर है!


नई दिल्ली। राफेल पर देश में राजनीतिक महाभारत मचा हुआ है। फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ओलांंद के इस बयान के बाद कि भारत की तरफ से सिर्फ अनिल अंबानी की कंपनी के नाम को प्रस्तावित किया था के बाद राफेल मुद्दे पर भारत में राजनीतिक घमासान मच गया है। देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक प्रेस कांफ्रेस करके प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा निशान साधते हुए कहा कि देश का चौकीदार चोर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओलांद के बयान पर सफाई दें।
राहुल ने आरोप लगाया कि पहली बार फ्रांस का कोई पूर्व राष्ट्रपति हमारे प्रधानमंत्री को चोर कह रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी के साथ ओलांद की वन-टु-वन मीटिंग हुई थी। राहुल ने आरोप लगाया, ‘फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति कह रहे हैं कि अनिल अंबानी को हजारों करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट पीएम मोदी के कहने पर मिला यानी ओलांद पीएम मोदी को चोर कह रहे हैं। ऐसे में भारत के प्रधानमंत्री के मुंह से एक भी शब्द क्यों नहीं निकल रहा है।’ उन्होंने कहा कि अब भारतीयों के दिमाग में भी चल रहा है कि क्या प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार किया है।

राहुल ने कहा कि पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि जब कॉन्ट्रैक्ट बदला गया, उन्हें नहीं पता था। निर्मला सीतारमण पहले कहती हैं कि मैं रेट बताऊंगी, उसके बाद उन्होंने मना कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि रक्षा मंत्री ने संसद में झूठ बोला। उन्होंने कहा, ‘मुझे हैरत होती है कि हमेशा बोलने वाले प्रधानमंत्री इस गंभीर मुद्दे पर चुप हैं। प्रधानमंत्री को ओलांद के बयान पर सफाई देनी चाहिए।’

उन्होंने कहा कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने भारत के प्रधानमंत्री को लेकर एक बयान दिया है। उन्होंने राफेल डील के बारे में कहा है, ‘अनिल अंबानी की कंपनी को चुनने में उनका कोई रोल नहीं था। भारत सरकार ने इसका प्रस्ताव दिया था।’ राहुल ने आरोप लगाया, ‘ओलांद के बयान से साफ है कि पीएम मोदी राफेल पर झूठ बोल रहे हैं। मोदी ने 30,000 करोड़ की डील अनिल अंबानी की कंपनी को दे दी। अगर ऐसा नहीं है तो पीएम मोदी को जवाब देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘मैं पीएम की कुर्सी की रक्षा करना चाहता हूं।’

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement