अबुधाबी(जी.एन.एस) अफगानिस्तान ने राशिद खान के लाजवाब हरफनमौला प्रदर्शन बदौलत ने बांग्लादेश को 136 रनों से करारी शिकस्त दी। अफगानिस्तान ने इस जीत के साथ ग्रुप-बी के अपने दोनों मैच जीत लिए हैं। शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। बांग्लादेश की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 42.1 ओवरों में सिर्फ 119 रनों पर ही ढेर हो गई। एक समय अफगास्तिान के लिए 200 के पार जाना भी मुश्किल लग रहा था, लेकिन तभी राशिद ने गुलबदिन नईब के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी कर टीम को उस स्कोर तक पहुंचाया जो अफगानिस्तान बचा पाने में सक्षम है।
राशिद 32 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 57 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं नाएब 38 गेंदों में पांच चौकों की सहायता से 42 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों के अलावा हसमातुल्लाह शाहिदी ने 58 रनों की पारी खेली। बल्ले के बाद राशिद ने गेंद से भी अपना जौहर दिखाया और नौ ओवरों में तीन मेडन निकालते हुए सिर्फ 13 रन खर्च कर दो विकेट अपने नाम किए साथ ही एक शानदार रन आउट भी किया। बांग्लादेश की ओर से सबसे सफल गेंदबाज शाकिब अल हसन रहे। शाकिब ने तीन खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई। इसके अलावा अबु हैदर ने दो और रुबेल हुसैन ने एक विकेट झटका।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश के बल्लेबाज कभी भी बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए। 43 के कुल स्कोर तक ही उसने नजमुल हुसैन शांटो (7), लिटन दास (6), मोमिनुल हक (9) और मोहम्मद मिथुन (2) के विकेट खो दिए थे। यहां से शाकिब अल हसन (32) और महामुदुल्लाह (27) ने टीम को संभालने की कोशिश की। इन दोनों ने मिलकर 36 रन जोड़े ही थे कि राशिद ने 79 के कुल स्कोर पर शाकिब को पवेलियन भेजा और फिर 90 के कुल स्कोर पर महामुदुल्लाह को बोल्ड कर बांग्लादेश की हार लगभग तय कर दी। मेहेदी हसन (4), मशरफे मुर्तजा (0) भी जल्दी पवेलियन लौट लिए। पदार्पण कर रहे अबु हेदर (1) को राशिद ने सीधी थ्रो से रन आउट किया।
मुजीब उर रहमान ने रुबेल हुसैन को आउट कर बांग्लादेश की पारी का अंत कर अपनी टीम को लगातार दूसरी जीत दिलाई। बल्लेबाजी के बाद राशिद ने गेंद से भी अपना जौहर दिखाया और नौ ओवरों में तीन मेडन निकालते हुए सिर्फ 13 रन खर्च कर दो विकेट अपने नाम किए साथ ही एक शानदार रन आउट भी किया। बांग्लादेश ने इस मैच के लिए अपनी टीम में तीन बदलाव किए थे। तमीम इकबाल, मुश्फिकुर रहीम और मुस्तफिजुर रहमान की जगह टीम में अबु हैदर रोनी, नजमुल हुसैन और मोमिनुल हक को शामिल किया गया था। अबु हैदर और नजमुल हुसैन इस मैच से वनडे में पदार्पण किया। वहीं, अफगानिस्तान ने अपनी टीम सिर्फ एक बदलाव किया। नजीबुल्लाह जादरान के स्थान पर शमिउल्लाह शेनवारी को मौका दिया गया।

0 टिप्पणियाँ
इस खबर को लेकर अपनी क्या प्रतिक्रिया हैं खुल कर लिखे ताकि पाठको को कुछ संदेश जाए । कृपया अपने शब्दों की गरिमा भी बनाये रखे ।
कमेंट करे