जालंधर(जी.एन.एस) इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पांचवें टेस्ट के अंतिम दिन युवा ऋषभ पंत की धमाकेदार बल्लेबाजी ने हर किसी का दिल जीत लिया है। पंत ने भारत की दूसरी पारी के दौरान 146 गेंदों पर 15 चौकों और चार छक्कों की मदद से 114 रन की जोरदार पारी खेली। पंत और केएल राहुल के बीच इस दौरान 204 रन की साझेदारी हुई थी जिसके कारण ऐसी उम्मीद बंधने लगी थी कि भारत शायद मैच बचाने में सफल हो जाएगा।
पांचवें दिन आखिरी सेशन की शुरुआत में इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया था और टीम इंडिया को मैच में 118 रन की हार का सामना करना पड़ा था। हरभजन सिंह इस सीरीज में कमेंटेटर की हैसियत से मौजूद थे। उन्होंने एक ट्वीट करके एशिया कप 2018 की भारतीय टीम में पंत के नहीं होने पर सवाल उठाया। हरभजन का मानना है कि पंत का खेल सीमित ओवरों के क्रिकेट के लिहाज से ज्यादा माफिक बैठता है और उन्हें एशिया कप की भारतीय टीम में जगह मिलनी चाहिए थी।
हरभजन इससे पहले घरेलू क्रिकेट में और इंडिया ए टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद मयंक अग्रवाल को एशिया कप की टीम में नहीं चुनने के लिए भी चयनकर्ताओं को आड़े हाथ ले चुके हैं। गौरतलब है कि पंत की छवि जबर्दस्त स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले बल्लेबाज की है। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज छक्के लगाने में माहिर है। 20 वर्षीय ऋषभ पंत ने अब तक देश के लिए चार टी20 मैच खेले हैं, इसमें उन्होंने 24.33 के औसत से 73 रन बनाए हैं।
ऋषभ पंत का स्ट्राइक रेट 105. 79 का रहा है। टी20 इंटरनेशनल में 38 रन पंत का अब तक सर्वोच्च स्कोर है। पंत ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का आगाज वर्ष 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरू में किया था। पंत को अभी तक भारत के लिए वनडे मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। वे देश के लिए तीन टेस्ट खेलकर 162 रन बना चुके है। टेस्ट क्रिकेट का एकमात्र शतक उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी के दौरान बनाया था।

0 टिप्पणियाँ
इस खबर को लेकर अपनी क्या प्रतिक्रिया हैं खुल कर लिखे ताकि पाठको को कुछ संदेश जाए । कृपया अपने शब्दों की गरिमा भी बनाये रखे ।
कमेंट करे