इराकी प्रधानमंत्री का दूसरे कार्यकाल से इनकार, नहीं जताएंगे दावेदारी


बगदाद(जी.एन.एस) इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी ने कहा कि दूसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री पद के लिए वे नहीं खड़े होंगे। अबादी का यह निर्णय ऐसे वक्‍त में आया है जब देश में असंतोष और हिंसा का सामना कर रहे हैं। उन्‍होंने आग्रह किया कि सरकार में बदलाव शांतिपूर्ण तरीके से हो न कि सैन्‍य कार्रवाई और हिंसा से। बगदाद में अबादी ने कहा कि हम अयातुल्‍ला अली अल-सिस्‍तानी के निर्देशों का सम्‍मान करते हैं और इसे मानते हैं। दूसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री पद के लिए मैं दावा नहीं करूंगा। उन्‍होंने कहा, ‘जब तक नई सरकार नहीं आती है तब तक इराकी नागरिकों के लिए हमारी सेवा जारी रहेगी।
हम हर किसी को सीख देंगे कि शांतिपूर्ण तरीके से सरकारी बदलाव कैसे लाया जाए। पिछले सप्‍ताह इराकी शहर बसरा में पानी और बिजली की कमी, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ईरान के वाणिज्य दूतावास, कई सरकारी इमारतों और राजनीतिक दलों के कार्यालयों को आग के हवाले कर दिया। लोगों का गुस्सा तब भड़का जब बसरा में प्रदूषित पानी पीने से 30 हजार लोग बीमार हो गए। इस हफ्ते की शुरुआत में, इराक के हालात को देखते हुए शिया के धर्मगुरु अली अल-सिस्तान ने भी अबादी से दूसरे कार्यकाल में भाग नहीं लेने का आग्रह किया।

इराक में गत मई में हुए आम चुनाव से जारी सियासी अस्थिरता का दौर खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शिया मौलाना मुक्तदा सद्र और प्रधानमंत्री हैदर अल-आब्दी समेत 16 सियासी धड़ों ने संसद में सबसे बड़ा गुट बनाने के लिए हाथ मिलाया है। इन धड़ों में सहमति बनने से इराक में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ