राजकार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप, मामला दर्ज

सादुलपुर (ओमप्रकाश)। विद्युत निगम कार्यालय में हंगामा खड़ा कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाकर सहायक अभियंता शशिकांत मीणा ने गुरुवार देर शाम को मामला दर्ज करवाया है। थानाधिकारी अनिल बिश्नोई ने बताया कि सहायक अभियंता ने दर्ज मामले में बताया कि आरोपित मुंदीताल निवासी सोमवीर अपने एक सहयोगी के साथ सुबह दस बजे लगभग कार्यालय में आया तथा सांसद का एक अनुशंसा-पत्र प्रस्तुत किया। जिस पर उन्होंने कनिष्ठ अभियंता ददरेवा को तकमीना बनाने के लिए मार्किंग कर भिजवा दिया गया। थोड़ी ही देर बाद वह वापस कार्यालय में आया तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा तथा कनिष्ठ अभियंता को धमकाना शुरू कर दिया। समझाईश की कोशिश की गई तो गालीगलोच पर उतर गया तथा मारपीट पर उतारू हो गया। आरोप लगाया कि आरोपित ने डेढ़-दो घंटे तक हंगामा खड़ा कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई है तथा ड्यूटी के समय अधिकारियों व कर्मचारियों को धमकाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।