जयपुर:-खाद्य सामग्री में मिलावट की रोकथाम के लिए सघन अभियान


रिपोर्ट एक्सक्लूसिव,जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने प्रदेश के खाद्य सुरक्षा आयुक्त को होली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री में मिलावट की रोकथाम के लिए सघन अभियान संचालित करने के निर्देश दिये हैं। 

सराफ ने कहा कि मिलावट स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यन्त घातक है एवं मिलावट करने वालाें के विरूद्ध सख्त कार्यवाही किया जाना आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से निर्धारित प्रावधानों के अनुसार निरीक्षण करवाकर खाद्य सामग्री के सैम्पल लिये जाये। उन्होंने कहा कि इन सैम्पल्स की निर्धारित समयावधि में जांच करवाकर मिलावट, मिसब्राण्ड या अनसेफ पाये जाने पर नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाये। 

चिकित्सा मंत्री ने खाद्य पदार्थों विशेष रूप से मावा, दूध, मसाले इत्यादि के नमूने लेकर उनकी जांच करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने स्वास्थ्य की दृष्टि से असुरक्षित खाद्य पदार्थों के बेचान पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैंं। 

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. वी.के. माथुर ने बताया कि चिकित्सा मंत्री के निर्देश पर खाद्य सामग्री में मिलावट के संबंध में सघन अभियान प्रारम्भ कर दिया गया है। इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश भी दे दिये गये हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ