Advertisement

Advertisement

विधानसभा में शोकाभिव्यक्ति

जयपुर। विधानसभा में सोमवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल श्री बी.एल. जोशी, छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल श्री दिनेश नंदन सहाय, पूर्व मंत्री डॉ. दिगम्बर सिंह तथा विधानसभा के पूर्व सदस्य श्री सुरेन्द्र सिंह राठौड़, श्री उदय सिंह राठौड़, श्री राम सहाय सोनड़ एवं श्रीमती श्यामा कुमारी सेंगर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति और उनके शोकसंतप्त परिजनों को बिछोह सहन करने के लिए शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। 






विधानसभा अध्यक्ष श्री कैलाश मेघवाल ने शोक प्रस्ताव रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड एवं मेघालय के पूर्व राज्यपाल श्री बी.एल. जोशी कुशल प्रशासक थे एवं उन्होंने पाकिस्तान एवं इंग्लैंड में भारतीय उच्चायोग तथा अमेरिका में भारतीय दूतावास में भी अपनी सेवाएं दी थीं। वर्ष 1957 से राजस्थान पुलिस में सेवारत रहे श्री जोशी वर्ष 1962 में भारतीय पुलिस सेवा से सम्बद्ध हुए एवं अनेक सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े रहे। श्री जोशी राजस्थान मानवाधिकार आयोग के सदस्य भी रहे। 






विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ एवं त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल श्री दिनेश नंदन सहाय बिहार विश्वविद्यालय में व्याख्याता रहे तथा उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा से प्रशासनिक जीवन की शुरुआत की। वे बिहार पुलिस के महानिदेशक भी रहे। श्री सहाय छात्र जीवन में संयुक्त राष्ट्र की स्वयं सेवी संस्था ‘यूनाइटेड नेशंस स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ की बिहार राज्य समिति के अध्यक्ष भी रहे।  






श्री मेघवाल ने कहा कि पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक डॉ. दिगम्बर सिंह बारहवीं एवं तेरहवीं राज्य विधानसभा में अपने कार्यकाल के दौरान अधीनस्थ विधान सम्बन्धी समिति तथा राजकीय उपक्रम समिति के सदस्य रहे। श्री सिंह राज्य सरकार में चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, आयुर्वेद, उद्योग, भारतीय अप्रवासी, राजकीय उप्रक्रम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभागों के मंत्री भी रहे। समाज सेवा में रुचि रखने वाले डॉ. सिंह नगर सुधार न्यास, भरतपुर के न्यासी तथा तिलहन उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, भरतपुर के चेयरमैन रहे। कुशल प्रशासक रहे डॉ. सिंह राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के निदेशक तथा बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष भी रहे। 






विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के पूर्व विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह राठौड़ बारहवीं राज्य विधानसभा में नियम समिति के सदस्य रहे। श्री सिंह पंचायत समिति श्रीगंगानगर के सदस्य तथा प्रधान भी रहे। श्री मेघवाल ने कहा कि ग्यारहवीं विधानसभा के सदस्य रहे श्री उदय सिंह राठौड़ अपने कार्यकाल के दौरान राजकीय उपक्रम समिति के सदस्य रहे। कर्मचारियों के कल्याण हेतु संघर्षरत रहे श्री राठौड़ अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा अखिल भारतीय राज्य वाहन चालक तकनीकी कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। 






विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व विधायक श्री रामसहाय सोनड़ सातवीं राज्य विधानसभा में अपने कार्यकाल के दौरान सरकारी आश्वासनों सम्बन्धी समिति, राजकीय उपक्रम समिति तथा कृषि, पशुपालन, एकीकृृत ग्रामीण विकास एवं विशिष्ट योजना विभागों सम्बन्धी परामर्शदात्री समिति के सदस्य रहे। श्री मेघवाल ने कहा कि छठी विधानसभा की पूर्व विधायक श्रीमती श्यामा कुमारी सेंगर उदयपुर नगरपालिका की दो बार सदस्य रहीं। साहित्य में रुचि रखने वाली श्रीमती सेंगर की राजस्थानी एवं हिन्दी में कविताएं भी प्रकाशित हुईं। सदन ने 24 दिसम्बर, 2017 को सवाई माधोपुर के पास यात्रियों से भरी बस के नदी में गिरने पर हुई हृदय विदारक दुर्घटना में 34 से अधिक लोगों की मृत्यु पर भी शोक प्रकट किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement