Advertisement

Advertisement

किसानों की आय बढ़ाने में समन्वित खेती प्रणाली की भूमिका अहम-प्रो. शर्मा


कृषि विज्ञान केन्द्र, पदमपुर की वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक आयोजित 
श्रीगंगानगर/बीकानेर। कृषि विज्ञान केन्द्र, पदमपुर की वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक सोमवार को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशक प्रो. एस. के. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में गत वर्ष के कार्यों की समीक्षा तथा आगामी कार्य योजना पर विचार विमर्श किया गया।
प्रो. शर्मा ने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र, नवीनतम तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने का माध्यम है। केन्द्र द्वारा जिले की प्राथमिकता क्षेत्र का निर्धारण करते हुए क्षेत्र की कृषि पारिस्थितिकी के अनुसार कृषि तकनीक का प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा गोद लिए गए गांव में नियमित गतिविधियां आयोजित की जाएं। इस क्षेत्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी पहल हो। उन्होंने कहा कि केन्द्र पर स्थापित समन्वित खेती प्रणाली इकाई से किसानों को रूबरू करवाया जाए तथा उन्हें ऐसी इकाईयां स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाए। यह इकाईयां किसानों की आय बढ़ाने में सहायक साबित होंगी। 
प्रो. शर्मा ने कहा कि किसानों को मार्केटिंग एवं मूल्य संवर्धन से संबंधित प्रशिक्षण दिए जाएं। केन्द्र, गतिविधियों का वैज्ञानिक विश्लेषण करें। किसानों को सोशल मीडिया के माध्यम से तकनीकी ज्ञान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि वैज्ञानिक, किसानों की व्यावहारिक समस्यों के समाधान के लिए समयबद्ध तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करें। 
कृषि अनुसंधान केन्द्र के क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. यू. एस. शेखावत ने कृषि के साथ मशरूम खेती, मधुमक्खी पालन, डेयरी आदि को अपनाने का सुझाव दिया। केन्द्र प्रभारी डाॅ. भूपेन्द्र सिंह ने वार्षिक कार्य प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा भावी कार्ययोजना के बारे में बताया। केन्द्र की वैज्ञानिक डाॅ. सीमा चावला, डाॅ. रूपेश कुमार मीना, डाॅ. रवि कुमार मीना तथा डाॅ. कुलदीप प्रकाश शिंदे ने विषयवार उपलब्धियां बताई। 
इस दौरान सहायक निदेशक (उद्यानिकी) प्रीति गर्ग, सहायक निदेशक कृषि डाॅ. रमेश बराला, ए. के. गोयल, शिव सिंह पंवार, एस. के. जैन, चंद्रेश कुमार शर्मा, एस. पी. जाखड़ तथा प्रगतिशील किसान सुखविंदर सिंह, बृज मोहन पूनिया, संतोष, मनदीप, सतपाल आदि ने भी सुझाव दिए। डाॅ. सीमा चावला ने आभार जताया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement