Advertisement

Advertisement

मजदूरों से एकजुट होकर संघर्षों को तेज करने का आह्वान,अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर हुई सभा



शहीद मजदूरों की याद में निकाली वाहन रैली

हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर सोमवार को जंक्शन स्थित शहीद भगत सिंह यादगार केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में मई दिवस के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सर्वप्रथम सरपंच बलदेव सिंह, सीटू जिला सचिव शेरसिंह शाक्य, अमित कुमार की ओर से झण्डारोहण किया गया। इसके पश्चात सीटू जिलाध्यक्ष आत्मासिंह की अध्यक्षता में सभा का आयोजन किया गया। सभा में जन नाट्य मंच के कलाकारों की ओर से शहीदों की याद में क्रांतिकारी गीत की प्रस्तुति दी गई। सभा में जिलाध्यक्ष आत्मासिंह ने कहा कि आज पूरी दुनिया समेत हिन्दुस्तान में मजदूर दिवस मनाया जा रहा है लेकिन केन्द्र की मोदी सरकार की ओर से 1886 में अमेरिका के शिकागो शहर में मजदूरों की ओर से दी गई कुर्बानियों से बनाए हुए कानूनों को खत्म किया जा रहा है। लगातार मजदूरों को बड़े पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की साजिश रची जा रही है। आज देश का गरीब किसान-मजदूर लगातार गरीब हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मित्र अंबानी और अडानी लगातार अमीर हो रहे हैं। सीटू जिला सचिव शेरसिंह शाक्य ने कहा कि बेरोजगारी अपनी चरम सीमा पर है। देश का नौजवान मजबूर होकर आत्महत्या जैसे कदम उठा रहा है। उन्होंने सभी मजदूरों से एकजुट होकर संघर्षों को और तेज करने का आह्वान किया। माकपा जिला सचिव रघुवीर सिंह वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर शारीरिक श्रम करने वाले व बौद्धिक श्रम करने वाले मेहनतकश का देश की उन्नति, समृद्धि व खुशहाली में दिए योगदान को याद करते हुए उनके सम्मान एवं अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया। वर्मा ने कहा कि वर्तमान दौर में देश का मजदूर वर्ग संकट के दौर से गुजर रहा है। महंगाई चरम सीमा पर है। बेरोजगारी का आंकड़ा करोड़ों युवाओं को निराश करने वाला है। सरकारी संस्थानों में निजीकरण तेजी से हो रहा है।

 मजदूरों को आर्थिक नीतियों का भारी नुकसान हो रहा है। साम्प्रदायिक दंगों में जातीय संघर्ष को बढ़ावा देने वाली ताकतें देश के भाईचारे को खत्म कर अशांति फैलाना चाहती हैं। उन्होंने मजदूरों पर बढ़ रहे हमलों के विरोध में आने वाले समय में केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ एकजुट होकर संगठित तरीके से संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प दिलाया। सभा को खेत मजदूर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रामरतन बगडिय़ा, सर्वजीत कौर, अशोक वर्मा, नूर आलम, जसवीर सिंह, अमित कुमार, गुरनाम सिंह, मुकद्दर अली, बसंतसिंह, मलकीत सिंह ने भी संबोधित किया। सभा के पश्चात वालंटियर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद मजदूरों की याद में वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत पूर्व सांसद शोपत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। रैली शहर के मुख्य मार्गांे से होते हुए जंक्शन की अनाज मंडी में पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान मजदूरों ने मई दिवस की खुशी में एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाया और मिठाई खिलाई। इस मौके पर आमिर खान, तरसेम सिंह, गुरुप्रेम सिंह, शिव कुमार, इकबाल खान, शोपतराम, सुल्तान खान, वारिस अली, संदीप बसोड़, सुखपाल सिंह, कमल प्रभात, हरजी वर्मा, जगतार सिंह, रणजीत कुमार, मंटू मंडल, वली शेर, वेद मक्कासर, एडवोकेट लालचंद देवर्थ, सुरेश, देवीलाल, पिंटू कुमार, बहादुर सिंह चौहन आदि मौजूद रहे। 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement