हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र में प्रस्तावित एथनॉल फैक्ट्री को लेकर आमजन और किसानों के बढ़ते विरोध ने राजनीतिक तापमान भी बढ़ा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार और प्रशासन उनके लगातार विरोध के बावजूद फैक्ट्री लगाने की तैयारियों पर अड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा रोष पैदा हो गया है।
इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्रवासियों और किसान संगठनों द्वारा 10 दिसंबर को टिब्बी में विशाल जनसभा आयोजित की जा रही है। जनसभा को सफल बनाने के लिए मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर और विधायक अभिमन्यु पूनिया ने टिब्बी पहुंचकर लोगों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उनके साथ गुरलाल मान, सुभाष मक्कासर और रणवीर नायक भी मौजूद थे।
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार जनभावनाओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कई बार ज्ञापन दे चुके हैं, सार्वजनिक रूप से विरोध दर्ज करा चुके हैं, फिर भी प्रशासन एथनॉल प्लांट स्थापित करने पर तुला हुआ है। यह रवैया जनता के अधिकारों और पर्यावरणीय सुरक्षा दोनों का उल्लंघन है।
मक्कासर ने बताया कि टिब्बी क्षेत्र के हजारों किसान फैक्ट्री के संभावित दुष्प्रभावों को लेकर बेहद चिंतित हैं। ग्रामीणों का मानना है कि एथनॉल प्लांट से भूजल स्तर, वायु गुणवत्ता और खेती योग्य भूमि पर गंभीर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसके बावजूद सरकार “पूंजीगत हितों” को प्राथमिकता देती दिखाई दे रही है।
विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि टिब्बी पूरी तरह कृषि आधारित क्षेत्र है, और यहां की आजीविका खेती पर निर्भर है। यदि एथनॉल फैक्ट्री लगाई गई तो पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए जनता की आवाज दबा रही है, लेकिन कांग्रेस हर स्तर पर जनता के साथ संघर्ष करेगी।
नेताओं ने कहा कि 10 दिसंबर की जनसभा आंदोलन की आगे की दिशा तय करेगी, जिसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की व्यापक भागीदारी की उम्मीद है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं किया तो विरोध और अधिक तेज और व्यापक रूप लेगा। ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भी जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ
इस खबर को लेकर अपनी क्या प्रतिक्रिया हैं खुल कर लिखे ताकि पाठको को कुछ संदेश जाए । कृपया अपने शब्दों की गरिमा भी बनाये रखे ।
कमेंट करे