सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़ देर रात पहुंचे टिब्बी किसानों के बीच
माननीय मुख्यमंत्री खुद किसान हैं और किसान और किसानी की पीड़ा को समझते हैंः श्री बराड़
श्रीगंगानगर। सादुलशहर विधायक श्री गुरवीर सिंह बराड़ बीती गुरुवार देर रात हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी में किसानों के बीच पहुँचे और किसानों को राजस्थान सरकार का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आमजन व किसानों की हितैषी सरकार काम कर रही है, जो निरंतर नहरों व पक्के खालों के सुदृढ़ीकरण का काम बड़े पैमाने पर करवा रही है।
श्री गुरवीर सिंह ने कहा कि विपक्ष द्वारा किसानों को बरगलाया जा रहा है। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री खुद किसान हैं और किसान और किसानी की पीड़ा को समझते हैं। श्री बराड़ ने कहा कि विपक्ष बिना वजह की राजनीति कर रहे हैं। उनकी बातों में कोई तर्क नहीं है। ये लोग किसानों को बरगला रहे हैं। उनका मकसद सिर्फ अपनी राजनीति चमकाना है जबकि वास्तविक रूप से किसानों की समस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय श्री भजनलाल शर्मा भी किसान परिवार से आते हैं। वे किसानों की पीड़ा और किसानी की चुनौतियों को गहराई से समझते हैं। सरकार किसानों के हित में पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी हर संभव मदद कर रही है।
उन्होंने कहा कि एथेनॉल फैक्ट्री का एमओयू पिछली सरकार के कार्यकाल में हुआ था, अब वही इसका विरोध कर रहे हैं। किसानों की समस्याओं और आपत्तियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार है। जानबूझकर इस मुद्दे पर विपक्ष द्वारा वर्तमान सरकार का विरोध किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ
इस खबर को लेकर अपनी क्या प्रतिक्रिया हैं खुल कर लिखे ताकि पाठको को कुछ संदेश जाए । कृपया अपने शब्दों की गरिमा भी बनाये रखे ।
कमेंट करे