पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पदों हेतु उप चुनाव की कार्य योजना तैयार,नियुक्त किये अधिकारी

श्रीगंगानगर । जिला कलक्टर ज्ञानाराम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान जयपुर द्वारा वार्ड पंच एवं उप सरपंच के रिक्त पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। वार्ड पंचों एवं उप सरपंच के उपचुनाव हेतु व्यवस्थाओं हेतु प्रभारी अधिकारी एवं सहायक अधिकारी नियुक्त किये गये है। उपचुनावों से संबंधित समस्त तैयारियां आयोग के निर्देशानुसार समयबद्ध कार्यक्रमानुसार सम्पन्न कराई जानी है। गत पंचायत आम चुनाव व उपचुनावों के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान में रखकर प्रभारी अधिकारियों द्वारा कार्यवाही की जानी है।

कानून व्यवस्था

कानून व्यवस्था एवं अन्य कानूनी प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने हेतु अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्रीगंगानगर को प्रभारी अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मतदान दलों की रवानगी एवं प्रशिक्षण

पंचायत उपचुनाव हेतु मतदान दलों का प्रशिक्षण एंव रवानगी 21 मार्च 2017 को नगरपरिषद श्रीगंगानगर के हॉल से की जावेगी। मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय तख्त हजारा तहसील सादलशहर के प्रधानाचार्य  नवनीत कुमार को प्रभारी अधिकारी एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय मोटासर खूनी तहसील श्रीकरणपुर के प्रधानाचार्य  अशोक कुमार शर्मा सह प्रभारी अधिकारी होंगे। प्रशिक्षण कार्य क्रम को पूर्ण रूप से सम्पन्न कराने हेतु श्री मदनलाल सोनी वरिष्ठ व्याख्यता डाईट चूनावढ़ की डयूटी लगाई जाती है।

मतदान दलों का गठन

मतदान दलों के गठन के लिये मुख्य आयोजना अधिकारी श्रीगंगानगर को प्रभारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी निक श्रीगंगानगर को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

मतदान सामग्री का वितरण

मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण के लिये आयुक्त नगरपरिषद श्रीगंगानगर प्रभारी अधिकारी एवं जिला रसद अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान दलों को मतदान सामग्री का एवं जहां पर यदि चुनाव आवश्यक हुआ तो उसके लिये 25 मार्च 2017 को ईवीएम का वितरण सुनिश्चित करेंगे। ईवीएम के वितरण से पूर्व आयोग के निर्देशानुसार रेंडमाईजेशन संबंधी समस्त कार्यवाही विधिवत रूप से सम्पन्न करवायेंगे। वितरण एवं प्रशिक्षण स्थल पर ईवीएम की व्यवस्था एवं आवश्यक अन्य सामान्य व्यवस्थाएं यथा फर्नीचर, बिजली, पानी, शौचालय आदि सुनिश्चित की जावे।

चुनाव परिणाम जमा करवाना

राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार उपखण्ड अधिकारी अपने अधीनस्थ राजस्व अधिकारी के माध्यम से संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणाम निर्धारित प्ररूप में भरकर जिला निर्वाचन कार्यालय श्रीगंगानगर में जमा करवायेंगे एवं चुनाव सामग्री चुनाव भण्डार में जमा करवायेंगे।

आदर्श आचार संहिता

आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों को लागू करवाने के लिये एवं मॉनिटरिंग हेतु सचिव नगर विकास न्यास श्रीगंगानगर को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। अधिकारी संबंधित उपखण्ड अधिकारी से संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की पालन हेतु टीम गठित करवाकर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करवायें। प्राप्त शिकायतों का रजिस्टर संधारण करवाये तथा शिकायतों के निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित करवायें।

शुष्क दिवस घोषित करना

संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में शुष्क दिवस घोषित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिये आबकारी अधिकारी श्रीगंगानगर को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।