जयपुर:-चिकित्सा मंत्री का एसएमएस दौरा,बर्न यूनिट में उपचार का जायजा लिया


रिपोर्ट एक्सक्लूसिव,जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने शुक्रवार को मध्याह्न सवाई मानसिंह अस्पताल का दौरा किया एवं महेशनगर तथा ब्यावर में सिलेण्डर विस्फोट के कारण हुयी दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों के उपचार का जायजा लिया। अस्पताल के बर्न वार्ड में ब्यावर दुर्घटना के 4 एवं महेशनगर दुर्घटना के 2 व्यक्ति भर्ती हैं। 

सराफ ने मरीजों एवं उनके परिजनों से भेंट की एवं चिकित्सकों से उनके उपचार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को इन मरीजों का समस्त उपचार निःशुल्क कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार इन मरीजों को रक्त भी उपलब्ध कराया जायेगा। 

घटना स्थल का दौरा
चिकित्सा मंत्री ने शुक्रवार को प्रातः महेशनगर स्थित जैतपुरी जाकर गैस सिलेण्डर में हुए विस्फोट के घटना स्थल का दौरा किया तथा दुर्घटना से प्रभावित परिवार से मिले एवं उन्हें सांत्वना प्रदान की। 

स्वाईन फ्लू उपचार की समीक्षा
सराफ ने एसएमएस अस्पताल अधीक्षक के कक्ष में आयोजित बैठक में अस्पताल में स्वाईन फ्लू उपचार कार्यों की समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने स्वाईन फ्लू की जांच रिपोर्ट 7 घंटे में उपलब्ध कराने एवं पॉजिटिव पाये जाने पर तत्काल संबंधित व्यक्ति को सूचित करने के साथ ही सम्पर्क में आये व्यक्तियों की स्क्रीनिंग का कार्य गंभीरता से करने के निर्देश दिये। 

घबरायें नहीं, उपचार करायें
चिकित्सा मंत्री ने स्वाईन फ्लू लक्षण प्रतीत होते ही तत्काल चिकित्सक से सम्पर्क कर जांच व उपचार कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वाईन फ्लू से घबराने की नहीं बल्कि तत्काल जांच एवं उपचार कराने की जरूरत है। पॉजिटिव पाये गये व्यक्ति तुरंत उपचार कराकर स्वस्थ हो सकते हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ