श्रीगंगानगर। ओरियन्टल बैंक ऑफ कॉमर्स के मण्डल कार्यालय के तत्त्वाधान में गुरूवार को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत चयनित पात्रा लाभार्थियों को बैंक के महाप्रबन्धक आशुतोष चौधुरी ने समारोहपूर्वक ऋण स्वीकृति-पत्र प्रदान किए। इस मौके पर महाप्रबन्धक चौधुरी ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत लाभार्थी युवा इस ऋण के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें व जीवन में प्रगति के पथ पर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा स्थापित ओबीसी ग्राम्य स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान 18 से 45 वर्ष के पात्र युवाओं को उनकी रूचि के अनुरूप उपलब्ध निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों से निरन्तर लाभान्वित कर रहा है । अधिकाधिक युवा इन रोजगारपरक कार्यक्रमों का लाभ उठाएं व आत्मनिर्भर बनकर समाज व देश की प्रगति में योगदान दें। उन्होने बैंक के ग्राम्य स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान का दौरा किया एवं यहां बैंक द्वारा वर्तमान में चलाए जा रहे 30 दिवसीय सेलफोन रिपेयर एण्ड सर्विसिंग कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों से मिलकर उन्हे प्रशिक्षण के पश्चात अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए कहा। इस आयोजन में चौधुरी ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत स्वीकृत 25 युवाओं को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए । अपने संक्षिप्त दौरे के दौरान श्रीचौधुरी ने ग्राहक सम्मेलन में बैंक के ग्राहकों से मिलकर फीडबैक लिया एवं उनसे बैंक की ऋण योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया ।
कार्यक्रम में बैंक के उप महाप्रबन्धक श्रीदत्त शर्मा ने महाप्रबंधक एवं लाभार्थियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर बैंक के मण्डल कार्यालय के सहायक महाप्रबन्धक शैलेष जोशी, ओंकार नाथ झा, श्री नारायण शर्मा, अग्रणी जिला प्रबन्धक श्री जसपाल सिंह भट्टी व आरसेटी के निदेशक शिव सिंह पंवार सहित जिले की विभिन्न शाखाओं के प्रबन्धक व प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के लाभार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संयोजन बैंक के वरिष्ठ प्रबन्धक रोशन चायल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने 25 युवाओं को मुद्रा ऋण प्रदान कर लाभान्वित किया।

0 टिप्पणियाँ
इस खबर को लेकर अपनी क्या प्रतिक्रिया हैं खुल कर लिखे ताकि पाठको को कुछ संदेश जाए । कृपया अपने शब्दों की गरिमा भी बनाये रखे ।
कमेंट करे