जयपुर (जीएनएस) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार जनता से किये वादे को पूरा करने में असफल रही है, लेकिन वह इसकी जिम्मेदारी तय करने की बजाय कांग्रेस पर आरोप लगा रही है. पायलट ने चुनावी वर्ष में राजे द्वारा गौरव यात्रा निकालने और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रदेश दौरा करने पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि ये लोग लगभग पांच वर्ष तक कहां थे.
पायलट ने नागौर जिले के परबतसर कस्बे में कांग्रेस की ओर से आयोजित संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता परेशान है और किसानों की शव यात्रा निकल रही है, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी गौरव यात्रा निकालने में व्यस्त है. उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश में आत्महत्या करने वाले किसानों के परिजनों से मिलने जाना चाहिए तब जाकर उन्हें जमीनी सच्चाई का पता चलेगा.
पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी यात्रा छोड़कर जनता की शिकायतों को दूर करना चाहिए. उन्होंने राजे पर जनता की भावनाओं से खेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने लोगों का भरोसा तोड़ा है. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी जनता को प्राथमिकता नहीं दी और उनसे कभी नहीं मिली. लोगों में भाजपा सरकार की जनविरोधी योजनाओं के प्रति असंतोष है.
पायलट ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा महंगाई पर नियंत्रण रखने का वादा करके सत्ता में आयी थी, लेकिन भाजपा शासन में ईंधन की बढ़ती कीमतों से आम जनता का बोझ बढा दिया है. भाजपा ने जाति और धर्म के नाम पर लोगों को तोड़ने का काम किया है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य नेताओं ने भी रैली को संबोधित किया.

0 टिप्पणियाँ
इस खबर को लेकर अपनी क्या प्रतिक्रिया हैं खुल कर लिखे ताकि पाठको को कुछ संदेश जाए । कृपया अपने शब्दों की गरिमा भी बनाये रखे ।
कमेंट करे