खेत में काम करने के दौरान लगा करंट,एक की मौत,तीन झुलसे


अलवर (जीएनएस) अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र के दानपुर गांव में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं. हादसा शनिवार की सुबह उस वक्त हुआ जब ये सभी खेत में काम कर रहे थे.  हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और झुलसे हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया.
घायलों को रैणी के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह सीताराम मीणा खेत में बोरवेल ठीक करने का काम करने जा रहे थे. इस बीच करंट लगने से दानापुर के ही रहने वाले 18 वर्षीय युवक जगराम मीणा की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि रविन्द्र मीणा ,सीताराम मीणा, महेंद्र मीणा गंभीर रूप से झुलस गए.

हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है. घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ रोष है. आपको बता दें कि जिले में बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से आए दिन लोगों की मौत की खबर आती रहती है, लेकिन इसके बावजूद विभाग ग्रामीणों की शिकायतों पर ध्यान नहीं देता.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ