Advertisement

Advertisement

तालिबान ने अफगान सुरक्षा बलों को बनाया निशाना, 60 की मौत


काबुल(जी.एन.एस) तालिबान आतंकवादियों ने उत्तरी अफगानिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में हमले कर अफगान सुरक्षा बलों को निशाना बनाया जिसमें उनके करीब 60 सदस्य मारे गए हैं। ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब देश में 17 वर्ष से जारी हिंसा को समाप्त करने के लिए तालिबान के साथ शांति वार्ता के प्रयास जारी हैं।
अफगानिस्तान प्रशासन के मुताबिक सर-ए-पोल के नजदीक सयाद जिले में सुरक्षा नाके पर कब्जा कर आतंकवादियों ने सुरक्षा बल के कम से कम 17 कर्मियों की हत्या कर दी। जवाबी कार्रवाई में 39 तालिबान मारे गए और अन्य 14 घायल हो गए। उत्तरी अफगानिस्तान में तालिबान की विशिष्ट रेड इकाई ने कुंदुज में कई पुलिस चौकियों पर हमले किए, जिसमें कम से कम 19 अधिकारियों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हो गए।
समंगान प्रांत के दारा-ए-सुफ में आतंकवादियों ने दो पुलिस चौकियों पर हमला किया, जिसमें 14 अधिकारी मारे गए। जोजजान प्रांत में सैकड़ों तालिबानी आतंकवादियों ने तुर्कमेनिस्तान के पास खोमाब जिला केंद्र पर हमला कर दिया, सुरक्षा बल के आठ सदस्यों की हत्या कर दी और सरकारी मुख्यालय पर कब्जा कर लिया।

प्रशासन का कहना है कि युद्ध ग्रस्त देश में पिछले कुछ हफ्तों में हुई हिंसा के बाद रविवार रातभर चार प्रांतों में हुई भारी गोलीबारी में सैकड़ों नागरिक, पुलिसकर्मी और सैनिक हताहत हुए हैं। सर-ए-पोल स्थित सैन्य शिविर पर कब्जा करने के बाद तालिबान आतंकवादी प्रांतीय राजधानियों को धमका रहे हैं। अगर समय पर मदद नहीं पहुंची तो स्थिति और अधिक खराब हो सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement