Advertisement

Advertisement

21 से 30 जून तक जनजागृति अभियान जिला मुख्यालय से ग्राम स्तर तक चलाया जायेगा अभियान


श्रीगंगानगर, 16 जून। जिला कलक्टर श्री शिवप्रसाद एम नकाते ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार कोविड-19 संक्रमण एवं बचाव के लिये आमजन में जागृति के लिये 21 से 30 जून 2020 तक जनजागृति अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान में जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम स्तर तक आमजन में कोविड-19 को लेकर विशेष जनजागृति पैदा की जायेगी। 
जिला कलक्टर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदेश के मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव की वीसी के पश्चात अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जनजागृति अभियान में एक प्लान बनाकर आमजन को जागृत किया जायेगा। जनजागृति अभियान में व्यक्तिगत सुरक्षा, सामाजिक दूरी, सार्वजनिक स्थलों पर मास्क की अनिवार्यता तथा हाथ धोने की आदत को जीवन में ढ़ालने जैसे कार्यों पर जोर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि कोई नागरिक कोविड-19 को हल्के में लेते है, तो यह बहुत बड़ी भूल होगी। कोविड-19 का खतरा अभी टला नही है। इस महामारी से बचने के लिये प्रत्येक नागरिक को सजग रहकर निर्देशों की पालना करनी होगी। 
उन्होंने कहा कि कार्य स्थलों पर सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। आमजन को बताया जाये कि सार्वजनिक स्थलों पर थूकना प्रतिबंधित है। सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों के फर्श, रैलिंग, फर्नीचर इत्यादि की सफाई नियमित रूप से करनी होगी। किसी नागरिक को खांसी आने पर उन्हें स्वयं सावधानी बरतनी होगी तथा अन्य नागरिकों से दूरी बनाकर रखनी होगी। जनजागृति अभियान के दौरान चिकित्सा विभाग के कार्मिक व स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों द्वारा एक्टिव सर्विलेंस के तहत घर-घर जाकर सर्वें का कार्य किया जायेगा। सर्वें के दौरान 60 वर्ष से अधिक के नागरिक, गर्भवती महिलाएं व बच्चों को अलग से सूचीबद्ध किया जायेगा। इस कार्य को मिशन मोड पर करना होगा। जनजागृति अभियान में सिविल सोसायटी, नेहरू युवा केन्द्र, एनएसएस के वाॅलन्टियर्स का सहयोग भी लिया जा सकता है। 
ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छ ग्रही आमजन को स्वच्छता के बारे में बताएगें तथा ग्रामीण क्षेत्र में निर्मित सार्वजनिक व व्यक्तिगत शौचालयों की साफ-सफाई के लिये आमजन को जाग्रत किया जाये। जिले के स्थानीय निकाय अपने स्तर पर जनजागृति अभियान चलाकर आमजन को सर्तक करेगें, वही पर परिवहन विभाग वाहनों के माध्यम से फलैक्स इत्यादि लगाकर अभियान को गति दी जायेगी। 
बाहरी नागरिकों के लिये अलग-अलग चिकित्सालयों में जांच सुविधा
श्री नकाते ने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले नागरिकों पर विशेष निगरानी रखते हुए जांच की जानी चाहिए। अमरगढ़ के रास्ते से आने वाले नागरिकों की जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सादुलशहर में की जायेगी, मोरजण्डखारी रास्ते से आने वालों की जांच सुविधा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लालगढ़ में रहेगी तथा साधुवाली मार्ग से आने वाले नागरिकों के लिये जांच की सुविधा प्रेरणा हाॅस्पीटल में की गई है। जांच के दौरान किसी नागरिक में कोविड-19 के लक्षण पाये जाने पर उन्हें क्वारनटाईन किया जायेगा तथा शेष सदस्यों को घर जाने की अनुमति दी जायेगी। 
वीसी में पुलिस अधीक्षक श्री हेमन्त शर्मा, एडीएम प्रशासन डाॅ. गुंजन सोनी, एडीएम सर्तकता श्री अरविन्द जाखड़, न्यास सचिव डाॅ. हरितिमा, सीएमएचओ डाॅ. गिरधारी लाल, पीएमओ डाॅ. के.एस.कामरा, आरसीएचओ डाॅ. एच.एस.बराड़, डाॅ. पवन सैनी, डाॅ. करण आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Advertisement

Advertisement